कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संतान न होने और पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37 वर्ष) की शादी करीब 18 वर्ष पहले रंजना यादव (35 वर्ष) से हुई थी। शादी के इतने वर्षों बाद भी दंपती को संतान नहीं होने को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। बताया जा रहा है कि पति पत्नी के चरित्र को लेकर भी शक करता था, जिससे पारिवारिक तनाव बढ़ गया था।

यह घटना शनिवार शाम की है। रंजना हाल ही में मायके में आयोजित मेले में गई थी, जहां पति भी पहुंचा था। मेले से लौटने के बाद रविवार शाम को पुरानी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल रंजना मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
