कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर कराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन में शामिल पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिन्हें खाताधारक कुछ पैसों के लालच में साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दे देते हैं। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने और मुख्य आरोपियों की पहचान छिपाने के लिए किया जाता है।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर कोरबा पुलिस इन संदिग्ध खातों पर लगातार निगरानी कर रही थी। जांच में सामने आया कि थाना कुसमुंडा क्षेत्र के कुछ लोगों ने नए बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों को उपलब्ध कराया।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद साइबर पुलिस थाना कोरबा और थाना कुसमुंडा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमडी तवरेज (23 वर्ष), निवासी आनंद नगर कुसमुंडा, और पुष्पेंद्र साहू (22 वर्ष), निवासी आनंद नगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक या ओटीपी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि साइबर ठग रकम दोगुना करने का लालच, फर्जी लिंक, या बैंक व पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। साइबर अपराध की किसी भी जानकारी के लिए तुरंत साइबर पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
