कोरबा में रिश्तों का खून: विवाद के बाद बेटी ने हसिया पिता को उतारा मौत के घाट, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया के लिममुंडा बस्ती में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवती ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है, जो रलिया गांव में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और तीन बेटियां पिछले आठ वर्षों से कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में रह रही थीं। सोमवार को एक बेटी का जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में पत्नी और तीनों बेटियां गांव आई हुई थीं।

देर रात बड़ी बेटी गीता केवट (27 वर्ष) और अशोक केवट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गीता ने घर में रखे हसिए से पिता के गले पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद गीता घर से बाहर निकलकर रिश्तेदारों को घटना की जानकारी देने लगी। जब परिजन घर के भीतर पहुंचे तो अशोक केवट खून से लथपथ अवस्था में मृत पाए गए।

मृतक के भाई संतोष कुमार केवट ने बताया कि गीता ने खुद आकर कहा कि उसने अपने पिता को मार डाला है। वहीं गांव के सरपंच विष्णु बिंझवार ने बताया कि अशोक केवट लंबे समय से अकेले रह रहे थे और परिवार से अलग थे।

बताया जा रहा है कि अशोक केवट शराब के आदी थे और उनके व्यवहार से परेशान होकर पत्नी और बेटियां उनसे अलग रहने लगी थीं। साथ ही, मृतक द्वारा परिजनों के चरित्र पर संदेह किए जाने को लेकर भी पारिवारिक तनाव की बात सामने आ रही है।

हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article