कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: होली और रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 200 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए।
जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च की शुरुआत कोतवाली थाना से हुई, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक पहुंचा। मार्च के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा जगाया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में जिले के अन्य थाना क्षेत्रों कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका में भी पुलिस बल ने मार्च कर शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस ने चारपहिया और दोपहिया वाहनों के जरिए गली-मोहल्लों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में ध्वनि विस्तारक यंत्र से संदेश प्रसारित कर लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, लेकिन हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांति, सद्भाव और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाएं और प्रशासन का साथ दें।
