कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कुएं से पानी निकालने के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया और उसकी डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान चंदा देवी साह उम्र (38वर्ष) के रूप में हुई है। गुरुवार शाम चंदा देवी घर के पास स्थित कुएं से पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। घटना के समय उनकी दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं। मां को कुएं में गिरते देख दोनों ने शोर मचाया जिसके बाद आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत बालको अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों के बयान दर्ज किए।
बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति लकवाग्रस्त है और उसका इलाज चल रहा है। चंदा देवी बालको चौक के पास मूंगफली बेचकर अपने परिवार का गुजारा करती थीं और छह बेटियों का पालन-पोषण कर रही थीं। महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
