जांजगीर-चांपा: कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर द्वारा रोजनामचा लेखन का कार्य समय पर नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने की भी पुष्टि हुई है। विभागीय जांच में यह सामने आया कि प्रधान आरक्षक लगातार अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरत रहे थे और अनुशासनहीन व्यवहार कर रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय अनुशासन बनाए रखने के लिए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
