होली खेलने के बाद 19 वर्षीय युवती ने लगाई फांसी, परिजनों में पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगड़ी बस्ती में 19 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना होली से एक दिन पहले की बताई जा रही है। मृतका की पहचान ललिता गभेल के रूप में हुई है, जो मानिकपुर स्थित एक निजी आयुष्मान अस्पताल में काम करती थी।

जानकारी के मुताबिक ड्यूटी से घर लौटने के बाद ललिता ने परिवार के साथ होली मनाई थी। अगले दिन वह कपड़े बदलने का कहकर अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर ललिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली।

परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि ललिता गभेल अपने पिता जीवन गभेल की तीन संतानों में सबसे बड़ी थी। उसने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी कॉलेज में दाखिला लिया था और पढ़ाई के साथ-साथ निजी अस्पताल में काम कर रही थी।

मामले में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

Share This Article