ढाबा में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, संचालक समेत दो गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के हरदी बाजार बस स्टैंड के पास स्थित महेश ढाबा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब, देसी और गोवा शराब के साथ नकद रकम भी जब्त की है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक कृपा शंकर दुबे अपनी टीम के साथ गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे महेश ढाबा पहुंचे और छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, 22 नग देसी पाव, 8 नग गोवा शराब और बिक्री के 4500 रुपए बरामद किए।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महेश यादव (28) और उसके सहयोगी प्रमोद कुमार राठौर (38) को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया। जब्त की गई अवैध शराब की कुल कीमत लगभग 10,160 रुपए बताई गई है।

जांच में सामने आया कि ढाबा संचालक महेश यादव केवल अपने नियमित ग्राहकों को ही चोरी-छिपे शराब उपलब्ध कराता था। वह बंदी और त्योहारों के दिनों में भी शराब बेच रहा था, जिसमें होली के दिन भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि यह ढाबा मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में ट्रक चालकों और यात्रियों को आसानी से अवैध शराब उपलब्ध हो जाती थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आसपास के अन्य ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है।

Share This Article