बिना लाइसेंस चर्चा में आया शिवाय हॉस्पिटल, उद्घाटन में शामिल नहीं होंगे स्वास्थ्य मंत्री, क्या अब श्रम मंत्री करेंगे शुभारंभ?

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर में प्रस्तावित शिवाय हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित होने से पहले ही विवादों में आ गया है। अस्पताल को अभी तक लाइसेंस नहीं मिलने की बात सामने आने के बाद अब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने से दूरी बना ली है।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा वितरित किए गए आमंत्रण कार्ड में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। हालांकि अब उनके इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि मंत्री के जारी आधिकारिक प्रोटोकॉल में भी कोरबा के इस कार्यक्रम का कोई उल्लेख नहीं है।

सूत्रों के अनुसार जब यह जानकारी सामने आई कि अस्पताल को अभी तक आवश्यक लाइसेंस प्राप्त नहीं हुआ है और इसके बावजूद उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, तब स्वास्थ्य मंत्री ने कोरबा का यह दौरा तय नहीं किया। जिला मुख्यालय में भी उनके आगमन को लेकर किसी प्रकार की आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

इधर, कार्यक्रम के लिए प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। ऐसे में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या पहले से विवादों में घिर चुके इस अस्पताल के उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री शामिल होंगे या नहीं।

Share This Article