रिटायर्ड एएसआई के घर दूसरी बार चोरी, बेटे की बारात में गया था परिवार, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सीएसईबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड एएसआई के घर में चोरी की वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि यह उसी घर में कुछ महीनों के भीतर दूसरी चोरी है। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अपने बेटे की बारात लेकर बाहर गए हुए थे।

जानकारी के अनुसार रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार मंगलवार रात अपने बेटे की शादी के लिए बारात लेकर बालको स्थित साईं मंगलम भवन गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा संदिग्ध स्थिति में देखा और तुरंत इसकी सूचना उन्हें और सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और सीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर से लगभग 20 हजार रुपये नकद, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी और अन्य कीमती सामान ले गए हैं। हालांकि, पूरी चोरी का आंकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा।

गौरतलब है कि जनवरी माह में भी इसी घर में चोरी हुई थी, जिसमें करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो गई थी। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।

पहली घटना के बाद घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन इस बार चोरों ने न सिर्फ कैमरों से छेड़छाड़ की बल्कि DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे सबूत जुटाने में मुश्किल हो सकती है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article