सुने मकान में चोरी, 2 नाबालिग सहित 3 आरोपी गिरफ्तार 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सीएसईबी चौकी पुलिस ने घर में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है।

पीपरपारा कोहड़िया निवासी हंसराज खाण्डे 1 से 6 अप्रैल 2026 के बीच परिवार सहित बाहर थे। इसी दौरान आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर नगदी, करीब 35 किलो चावल, गैस सिलेंडर और होम थिएटर चोरी कर लिया। मामले में सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में अपराध दर्ज कर जांच की गई। मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने गणेश चौहान उर्फ राहुल (19 वर्ष) निवासी बरपारा कोहड़िया को गिरफ्तार किया है, साथ ही 2 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के कब्जे से गैस सिलेंडर, स्पाइस कंपनी का होम थिएटर, नगदी रकम और चोरी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (CG 12 BM 4607) बरामद की गई है। जब्त सामान की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है और आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही नागरिकों से घर छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।

Share This Article