कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी स्थित एक टोल प्लाजा पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी कर रही एक युवती को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अपनी ड्यूटी में तैनात थी, तभी इमलीडुग्गु क्षेत्र का एक युवक पल्सर बाइक से तेज गति में टोल प्लाजा में दाखिल हुआ और नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बाइक सीधे युवती से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती मौके पर ही गिर पड़ी और उसे सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने घायल युवती को संभाला और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चांपा रेफर किया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।
इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
