एनएच-130 पर भीषण टक्कर: डीजल टैंकर और ट्रेलर भिड़े, केबिन में बुरी तरह फंसा चालक

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में शनिवार देर रात नेशनल हाईवे-130 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास डीजल टैंकर और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया।

जानकारी के मुताबिक, डीजल टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। लालघाट के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जबकि टैंकर चालक लंबे समय तक केबिन में फंसा रहा।

कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे चालक को बाहर निकाला। इस दौरान हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों और चारपहिया गाड़ियों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब तीन घंटे तक अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग बाधित रहा। इसी जाम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री का काफिला भी फंस गया, जिसे बाद में पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे के बाद टैंकर में भरे डीजल के कारण आग लगने का खतरा बना हुआ था, जिसे देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली कराया। काफी मशक्कत के बाद बड़ी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका।

घायल चालकों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने एनएच-130 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जताते हुए सड़क पर बेहतर रोशनी और गति नियंत्रण के उपायों की मांग की है।

Share This Article