कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। महज दो दिनों में जिलेभर से 98 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे पुलिस महकमे में सक्रियता और सख्ती साफ नजर आ रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में 21 स्थायी वारंटी और 77 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। ये सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय के वारंट के बावजूद फरार चल रहे थे। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
अभियान के तहत जिले के तीनों अनुभागों में अनुविभागीय अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे। पहले दिन पुलिस ने 4 स्थायी और 29 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा, जबकि दूसरे दिन कार्रवाई तेज करते हुए 17 स्थायी और 48 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब से जुड़ी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी पुलिस ने दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रहेगी।
