कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ राज्य में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर और भवन से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
इस बार सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की व्यवस्था ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की है। इच्छुक नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना पूरा करने पर प्रत्येक परिवार को एक यूनिक स्व-गणना आईडी दी जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। बाद में जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तो इस आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में मकान की संख्या, प्रकार, स्थिति (कच्चा/पक्का/अर्ध-पक्का), उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), परिवारों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस और इंटरनेट जैसी सुविधाओं की जानकारी शामिल होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल से जनगणना कार्य अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी होगा तथा नागरिकों को भी आसानी होगी। सभी एकत्रित जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और केवल सरकारी योजनाओं व नीति निर्माण के लिए उपयोग की जाएगी।
