कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघिया में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर की पिछली दीवार में सुरंग बनाकर 25 बकरियां चोरी कर लीं। घटना में किसान को करीब 2 से ढाई लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघिया निवासी 45 वर्षीय किसान रामनाथ यादव 4 जुलाई की रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11:50 बजे से 5 जुलाई की सुबह 5 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर की पिछली दीवार में सेंध लगाई और बकरियां रखने वाले कमरे तक पहुंच गए।
सुबह करीब 5 बजे रामनाथ यादव की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का ताला टूटा हुआ देखा। जांच करने पर दीवार में सुरंग बनी मिली और कमरे में रखी 20 बकरियां तथा 5 बकरे सहित कुल 25 पशु गायब थे। घटनास्थल पर बकरियों को बांधकर ले जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे संगठित तरीके से चोरी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित किसान के अनुसार चोरी हुई बकरियों की कीमत लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता और नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रामनाथ यादव की शिकायत पर कटघोरा थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और धारा 305(E) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और चोरी गई बकरियों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
