कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के कलेक्ट्रेट के पास स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कार्यालय के भीतर तैनात एक सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आरामशीन क्षेत्र का निवासी था और एलआईसी कार्यालय में नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करता था।
जानकारी के अनुसार विनोद रविवार को घर से लौटने के बाद रात में अपनी ड्यूटी पर गया था। देर रात परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। सुबह तक भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उसके पिता स्वयं एलआईसी कार्यालय पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और फोन करने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालय का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विनोद का शव कार्यालय के भीतर फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आस्था शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस परिजनों, एलआईसी कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
