कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में रविवार को पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के करीब 24 घंटे बाद सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने उनका शव नदी से बरामद किया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने पहुंचे थे। सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान लौटते समय सुभांशु गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के बीच डूब गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर श्यांग पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब 11:30 बजे सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्क्युरी में रखा गया है। मंगलवार को मृतक की मां के कोरबा पहुंचने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुभांशु ध्रुव के परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। करीब चार वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। पिछले करीब ढाई वर्षों से वे एसईसीएल के कोरबा क्षेत्र स्थित केंद्रीय कार्यशाला में कार्यरत थे। उनकी असमय मौत से परिवार और सहकर्मियों में गहरा शोक है।
बरसात में जलाशयों से दूरी रखने की अपील
घटना के बाद सतरेंगा पहुंचे पर्यटकों में भी चिंता का माहौल देखा गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, बांध और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचें। प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
सतरेंगा में बड़ा हादसा: दोस्तों संग पिकनिक मनाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत, 24 घंटे बाद मिला शव
