फरार वारंटियों पर कोरबा पुलिस का शिकंजा: 39 आरोपियों को किया गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ कोरबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 06 स्थायी वारंटियों और 33 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 39 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा कटघोरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में दबिश दी गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के बावजूद फरार चल रहे थे। पुलिस टीमों ने उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।

अभियान के दौरान कुल 39 वारंटों की तामिली की गई, जिसमें 6 स्थायी वारंट और 33 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। सभी आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार अपराधियों, वारंटियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article