पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप: मोबाइल दुकानदार को रातभर बंधक बनाकर पीटा; एक हाथ टूटा, कई गंभीर चोटें

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कोहड़िया क्षेत्र में मोबाइल और पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा। एक मोबाइल दुकान संचालक को कथित तौर पर नाबालिग और उसके परिजनों ने बंधक बनाकर पूरी रात बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं दूसरी ओर एक महिला ने घायल युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोहड़िया निवासी मोबाइल दुकान संचालक विकास दुबे और एक नाबालिग के बीच मोबाइल एवं पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले महीने भी इसी विवाद के दौरान नाबालिग ने विकास पर चाकू से हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट सीएसईबी चौकी में दर्ज कराई गई थी।

इसी विवाद के बीच मंगलवार देर रात विकास दुबे किसी काम से पीपरपारा क्षेत्र पहुंचा था। आरोप है कि वहां नाबालिग और उसके परिजनों ने उसे पकड़ लिया और एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उसकी जमकर पिटाई की गई। मारपीट इतनी गंभीर थी कि विकास के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं, जबकि एक हाथ की हड्डी भी टूट गई।

बुधवार सुबह विकास के मित्र आकर्षण तिवारी ने उसे घायल अवस्था में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में गंभीर चोटों की पुष्टि की है।

घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब एक महिला ने सीएसईबी पुलिस चौकी में विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि रात करीब 10 बजे विकास उसके घर में जबरन घुस आया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के दौरान उसने गुस्से में लोहे के डंडे से विकास की पिटाई की थी।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि महिला की शिकायत पर विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, विकास की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसे बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

Share This Article