कोरबा में पुलिस का मेगा ऑपरेशन: जिलेभर में एक साथ 49 पॉइंट पर की गई चेकिंग; मॉक ड्रिल से परखी तैयारी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अपराध नियंत्रण और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को और मजबूत करने के लिए कोरबा पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल और विशेष नाकेबंदी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ 49 स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच की गई।

दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान में थाना और चौकी प्रभारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पुलिस बल की कार्यप्रणाली, प्रतिक्रिया क्षमता और समन्वय का परीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

पुलिस ने बैरिकेडिंग, वायरलेस संचार व्यवस्था और अन्य संसाधनों का उपयोग करते हुए यह परखा कि किसी भी आपात स्थिति या आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न नाकेबंदी स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए अभियान की समीक्षा की।

कोरबा पुलिस के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। साथ ही मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता और आपात परिस्थितियों में कार्रवाई की दक्षता का भी आकलन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article