पहली बारिश में ही खुल गई पोल: करोड़ों की लागत से बनी दीपका-कुचैना अंडरब्रिज हुआ जलमग्न, लोगों की बढ़ी परेशानी, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में दीपका मार्ग पर बने नए कुचैना अंडरब्रिज की पहली ही बारिश में पोल खुल गई है। मानसून की शुरुआती बारिश के बाद अंडरब्रिज में इतना अधिक पानी भर गया कि पूरी सड़क जलमग्न हो गई। हालात ऐसे हैं कि पहली नजर में यह अंडरब्रिज किसी सड़क की बजाय तालाब जैसा दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान अंडरब्रिज के ऊपर से पानी झरने की तरह गिरता रहा, जबकि नीचे कई फीट तक जलभराव हो गया। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन पानी के बीच बंद हो गए, वहीं कई लोगों को अपनी गाड़ियां धकेलकर बाहर निकालनी पड़ी। चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही और वाहन चालक जोखिम उठाकर रास्ता पार करते नजर आए।

यह मार्ग कुसमुंडा और दीपका के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में नई सड़क और अंडरब्रिज में पहली ही बारिश के दौरान हुए जलभराव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मानसून की शुरुआत में ही यह स्थिति है, तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से अंडरब्रिज में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

फिलहाल अंडरब्रिज में भरे पानी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन पर लोग निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Share This Article