बेकाबू ट्रेलर रोकने दौड़ा ड्राइवर, पहियों के नीचे आने से मौत; बालको रिंग रोड पर 5 दिन में दूसरा बड़ा हादसा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक की जान चली गई। मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचे चालक ने वाहन खड़ा कर नीचे कदम रखा ही था कि ट्रेलर अचानक आगे बढ़ने लगा। वाहन को रोकने की कोशिश में चालक खुद ही उसके पहियों की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 2243 का चालक संतोष कुमार खैरवार (47) दोपहर करीब 1 बजे शर्मा पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा कर नीचे उतरा था। इसी दौरान ट्रेलर बिना चालक के आगे बढ़ने लगा। वाहन को अनियंत्रित होता देख संतोष उसे रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन भागते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने ट्रेलर को रोकने की भरसक कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में स्थिति बेकाबू हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वाहन का ब्रेक पूरी तरह लॉक नहीं हुआ था, जिसके चलते ट्रेलर धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा। सड़क पर मौजूद फिसलन ने भी हादसे को और गंभीर बना दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि बालको रिंग रोड पर रोजाना बड़ी संख्या में कोयला परिवहन करने वाले ट्रेलर, डंपर और हाइवा गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद सड़क पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय पर्याप्त नहीं हैं। यही वजह है कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।

उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिनों के भीतर रिंग रोड पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article