कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली ने दुर्लभ प्रवासी पक्षियों को अपना शिकार बना लिया। गरज-चमक के साथ हो रही बारिश के दौरान दशहरा चौक स्थित एक इमली के विशाल पेड़ पर बिजली गिरने से वहां बैठे 6 साइबेरियन पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक हर वर्ष मानसून से पहले साइबेरियन पक्षियों का बड़ा झुंड हजारों किलोमीटर की यात्रा कर कोरबा जिले के कनकी और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचता है। स्थानीय लोग इन पक्षियों को शुभ संकेत मानते हैं और इनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ऐसे में एक साथ छह पक्षियों की मौत ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है।
घटना के बाद गांव में लगे तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की प्रभावशीलता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के लिए तड़ित चालक लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिससे पक्षियों की जान चली गई। लोगों ने प्रशासन से सभी तड़ित चालकों की तकनीकी जांच कराने, खराब उपकरणों को बदलने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त और उच्च क्षमता वाले लाइटनिंग अरेस्टर लगाने की मांग की है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने पक्षियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सके।
वन विभाग के अनुसार प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के लिए हर साल विशेष संरक्षण अभियान चलाया जाता है। इसके तहत पक्षियों के बसेरों वाले पेड़ों के नीचे सुरक्षा जाल लगाए जाते हैं, शिकारियों पर नजर रखी जाती है और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
