पुरानी रंजिश में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला: 60 हजार की लूट; पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के रजगामार चौकी पुलिस ने मारपीट, लूट और जानलेवा हमले के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री कपिलेश्वर धीरज का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे के रॉड, हाथ और मुक्कों से उसकी पिटाई की गई। आरोपियों ने प्रार्थी की कार में तोड़फोड़ भी की और उसके पास रखे 60 हजार नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना बालको अंतर्गत चौकी रजगामार में मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309, 324, 126(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई रकम, लोहे का रॉड और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद कर जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), संदीप खाण्डे (22), गंगासागर खाण्डे (39) और अरुण खाण्डे (24) शामिल हैं। सभी आरोपी रजगामार क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article