सीएसईबी चौक पर दर्दनाक हादसा: भारी वाहन की चपेट में आने से एक्टिवा सवार की मौत, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले सीएसईबी चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस स्थान पर हुआ जहां यातायात सिग्नल और पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती रहती है।

जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक्टिवा सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान खरमोर निवासी व्यास राम के रूप में हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। खास बात यह है कि यह दुर्घटना शहर के अत्यंत व्यस्त और निगरानी वाले चौक पर हुई, जिससे यातायात व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधि लक्ष्मण श्रीवास ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि सीएसईबी चौक जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी वाहन का प्रवेश और दुर्घटना होना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। कई प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी वाहन और रेत से भरे ट्रैक्टर नियमों की अनदेखी करते हुए बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

उन्होंने प्रशासन से शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण लगाने, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Share This Article