‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: सड़कों से बस्तियों तक पुलिस की पैनी नजर; 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, दी कड़ी चेतावनी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। इस दौरान 11 निगरानीशुदा गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और भविष्य में अपराध करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी।

अभियान के तहत पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर और अमरेया पारा सहित कई क्षेत्रों में मोटर साइकिल एवं पैदल पेट्रोलिंग की गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच कर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

पेट्रोलिंग के दौरान आम लोगों को नशे से दूर रहने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

वहीं, थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर क्षेत्र के 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। सभी को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article