कोरबा में सनसनीखेज वारदात: राज ज्वैलर्स संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। बुधवार दोपहर छुरी क्षेत्र स्थित राज ज्वैलर्स में तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े खूनी लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों आरोपी अचानक दुकान में पहुंचे और आभूषण समेटने लगे। जब दुकान संचालक ने उनका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी आसानी से आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और घायल संचालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

सूचना मिलते ही छुरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात की पूरी घटना कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस खूनी लूट की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Share This Article