उरगा-बिलासपुर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद; सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह महत्वपूर्ण निर्णय पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए प्रयासों के बाद लिया गया है।

जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस ने पूर्व में भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र भेजकर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन मार्ग पर छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग की थी। पुलिस ने निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर यातायात को अत्यंत जोखिमपूर्ण बताते हुए दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

पुलिस के पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक, कोरबा ने उरगा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले से निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा, साथ ही संभावित सड़क हादसों पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही प्रयोग करें। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में गंभीर परेशानी हो सकती है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

Share This Article