कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों को नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अधिकांश बाजार बंद थे। रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने कपड़ा दुकान से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान संचालक को सूचना दी। जब दुकान का शटर खोला गया तो भीतर आग तेजी से फैल चुकी थी और सामान जल रहा था।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 30 मिनट के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी।
बताया जा रहा है कि दुकान संचालक ने हाल ही में पास ही एक नया प्रतिष्ठान शुरू किया था और पुराने स्टोर का अधिकांश सामान वहां स्थानांतरित कर दिया था। इसके चलते संभावित नुकसान कुछ हद तक कम रहा। बावजूद इसके दुकान में रखे कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
आग से हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है, लेकिन व्यापारिक दृष्टि से काफी क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा शॉर्ट सर्किट की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाएगी।
