घरेलू विवाद के बाद ड्राइवर ने किया सुसाइड, फंदे पर लटकती मिली लाश
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिर्वे में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिर्वे निवासी मोतीराम वर्मा (35 वर्ष) पेशे से ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से शराब के सेवन का आदी था जिसके कारण उसका पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार शाम भी कथित रूप से शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान मोतीराम ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान उसे टांके लगाने पड़े।
घटना के बाद घायल महिला ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर वापस लौट गई। हालांकि अगले दिन सोमवार को मोतीराम अपने कमरे से बाहर नहीं निकला।
परिजनों ने शुरुआत में यह समझा कि वह शराब के नशे में सो रहा है, लेकिन देर शाम तक कोई गतिविधि नहीं होने पर उन्हें संदेह हुआ। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने रोशनदान से झांककर देखा, जहां मोतीराम कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब की लत को आत्महत्या के संभावित कारणों में माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
