कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कुसमुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां डीएवी स्कूल के शिक्षक दंपती के 19 वर्षीय इकलौते बेटे वासु सरकार ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार, स्कूल समुदाय और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वासु सरकार कॉलेज का छात्र था। उसके पिता राजा सरकार कुसमुंडा स्थित डीएवी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उसकी माता कोरबा के डीएवी एसईसीएल स्कूल में अध्यापन कार्य करती हैं। मंगलवार सुबह दोनों अपने-अपने विद्यालय चले गए थे और वासु घर पर अकेला था।
दोपहर में जब माता-पिता घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से भीतर देखा। वहां वासु कमरे में फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। यह देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और सहायता के लिए आसपास के लोगों को बुलाया।
पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर वासु को नीचे उतारा गया और तत्काल विकास नगर स्थित एसईसीएल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों डीएवी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
सूचना पर कुसमुंडा पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। अंतिम संस्कार बुधवार को किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
सूत्रों के अनुसार वासु ने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल करते हुए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
