कोरबा/दीपका: कोरबा जिले के कशिका इवेंट्स एंड फिल्म्स के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ का पहला रैप शो ‘माइक चेक दीपका रैप फेस्ट 2026’ दीपका में भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, संगीत प्रेमी और दर्शक शामिल हुए। जोशीली प्रस्तुतियों, शानदार मंच संचालन और युवाओं की दमदार प्रतिभा ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व अध्यक्ष राज्य खाद्य आयोग ज्योतिनंद दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपका राजू प्रजापति, नगर पालिका उपाध्यक्ष संगीता साहू, वार्ड पार्षद सुजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध रैपर स्वर्गीय एप्पी राजा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित कलाकारों और दर्शकों ने उनके संगीत जगत में दिए गए योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रैप प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। ऊर्जावान बीट्स, प्रभावशाली लिरिक्स और शानदार स्टेज परफॉर्मेंस ने पूरे आयोजन को रोमांचक बनाए रखा। निर्णायकों के निर्णय के अनुसार वाद्य ने प्रथम, ब्लैक बस्टर ने द्वितीय तथा रैपर डी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन छत्तीसगढ़ के चर्चित रैप कलाकारों और संगीत विशेषज्ञों द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में अंकित, परफेक्ट संधू, अंडरग्राउंड ए.बी. तथा धीरज शामिल रहे। सभी निर्णायकों ने प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन बैड बॉय, स्वैग बॉय, सर्वेश सोनी और लक्ष्मण दास ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी दर्शकों ने सराहना की।
आयोजक संस्था कशिका इवेंट्स एंड फिल्म्स के सदस्य रोहन दास, देव प्रकाश, दिनेश दास, कमलेश दास, योगराज, ओम प्रकाश एवं अमित कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों, प्रायोजकों, सहयोगियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी युवाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और प्रदेश की रचनात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
दीपका में आयोजित यह भव्य रैप शो न केवल युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान देने में सफल रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ के संगीत एवं रैप संस्कृति के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल के रूप में भी याद किया जाएगा।
