कोरबा: जमीन और सरकारी नौकरी का झांसा देकर 7.55 लाख की ठगी, रायपुर के युवक पर FIR दर्ज

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के करतला निवासी एक युवक से जमीन दिलाने और बाद में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर रायपुर के खम्हारडीह निवासी अमितेश सतपथी के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार करतला निवासी भुवनदास मानिकपुरी की अक्टूबर 2024 में अपने परिचित अनिल साहू के माध्यम से अमितेश सतपथी से पहचान हुई थी। आरोपी ने पहले जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में अलग-अलग किश्तों में रकम मांगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके अलावा उसके पिता और दोस्तों से भी फोन-पे, एनईएफटी और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 7 लाख 55 हजार रुपए लिए गए।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब जमीन नहीं मिली तो आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। हालांकि नौकरी का वादा भी पूरा नहीं हुआ। पीड़ित का कहना है कि बार-बार रकम वापस मांगने पर आरोपी ने केवल 1500 रुपए लौटाए और शेष राशि लौटाने में टालमटोल करता रहा।

मामले में नया मोड़ तब आया जब 24 दिसंबर 2025 की तारीख का एक नोटरी शपथ पत्र सामने आया, जिसमें 4 लाख रुपए वापस करने का उल्लेख किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त दस्तावेज पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। अपने दावे के समर्थन में उसने जांच अधिकारियों को जनपद पंचायत करतला की उपस्थिति पंजी भी सौंपी, जिसमें संबंधित तारीख को उसके ड्यूटी पर मौजूद रहने का रिकॉर्ड दर्ज है।

पुलिस जांच के दौरान गवाह अनिल साहू ने भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और आरोपी को रकम दिए जाने की पुष्टि की। जांच में बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया, जिसमें शिकायतकर्ता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि भुवनदास मानिकपुरी ने इससे पहले 1 मई 2026 को भी इसी मामले की शिकायत की थी। उस समय आरोपी ने जमीन दिलाने के नाम पर राशि लेने की बात स्वीकार करते हुए रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article