हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी तुषार ढांडा गिरफ्तार, जन्मदिन की पार्टी के बाद बोलेरो कैंपर से कुचलकर की थी युवक की हत्या, देखें वीडियो…

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुआ विवाद एक युवक की जान ले बैठा। थाना उरगा क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज घटना में युवक को बोलेरो कैंपर से कुचलकर मारने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने मित्र विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि उस समय साथियों ने मामला शांत करा दिया था।

हालांकि रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद जब सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, तो दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह की ओर दौड़ा दिया। बोलेरो की चपेट में आने से उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल युवक को उसके साथी तत्काल जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article