नशे में वाहन चलाने वालों पर कोरबा पुलिस की सख्ती, एक दिन में 20 चालकों पर की गई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों ने प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। जांच के दौरान 8 चारपहिया और 12 दोपहिया वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई और प्रकरण न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए भेजे गए।

पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1143 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है नशे में ड्राइविंग

कोरबा पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की स्थिति में चालक की निर्णय लेने की क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।

पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी कार्यक्रम में शराब का सेवन किया है तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय टैक्सी, चालक या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा नशे में वाहन चलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share This Article