नशे में धुत बस चालक का कहर: सड़क किनारे दुकानों में घुसी बाराती बस, कई गुमठियां क्षतिग्रस्त, मची अफरा-तफरी….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शराब के नशे में धुत एक बाराती बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में बस घुसा दी। हादसे में कई दुकानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि दुकानें बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार बस एक बारात लेकर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से बस चला रहा था। बस में सवार बारातियों ने कई बार उसे सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।

बताया जा रहा है कि कमलीडुग्गू के पास स्थिति बिगड़ने पर बाराती बस से उतर गए। इसके कुछ ही देर बाद चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। चालक के नशे में होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और कुछ बारातियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान बस के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ से चालक को सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया और दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक CG 10 BY 9200 को जब्त कर थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक की पहचान नर्मदा दास, निवासी बरबसपुर, पोड़ी उपरोड़ा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्वक दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article