वाहन चोर गिरोह के फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, एक और चोरी की टाटा मैजिक बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस को वाहन चोरी के एक और मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के फरार आरोपी साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की टाटा मैजिक बरामद की है। साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही करण भारद्वाज (निवासी ग्राम नोनबिर्रा, थाना करतला) को गिरफ्तार कर एक चोरी की टाटा मैजिक बरामद की जा चुकी थी। पूछताछ के दौरान करण ने अपने साथी साहिल कुमार बागले की संलिप्तता का खुलासा किया था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।

15 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उरगा पुलिस ने घेराबंदी कर साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने करण के साथ मिलकर कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना कोतवाली क्षेत्र से एक अन्य टाटा मैजिक चोरी करने की बात भी कबूल की। जांच में यह वाहन थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 820/2025 में दर्ज वाहन चोरी का निकला। पुलिस ने वाहन बरामद कर जब्त कर लिया है। इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई थाना कोतवाली द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी साहिल कुमार बागले का सीएसईबी-मानिकपुर थाना क्षेत्र में भी आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Share This Article