पंप हाउस कॉलोनी में मारपीट के बाद पुलिस अलर्ट: संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग; मारपीट में शामिल आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई जारी…

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पंप हाउस कॉलोनी में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में गुंडागर्दी, अड्डेबाजी, हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

इसी क्रम में शनिवार देर रात पुलिस ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस टीम ने देर रात बेवजह घूमने वाले युवकों से पूछताछ कर उनकी पहचान की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें कोतवाली थाना, सिविल लाइन थाना और सीएसईबी चौकी की पुलिस टीम शामिल रही।

कोरबा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार दें, ताकि वे अपराध और गलत गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस का संदेश है- “बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ।”

Share This Article