कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शराब के नशे में यात्री बस चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में दो बस चालकों पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना पसान क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक यात्री बस के चालक को शराब के नशे में बस चलाते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान बस की डिक्की में नियमों के विपरीत बकरियों का परिवहन भी पाया गया। इस पर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, थाना दर्री क्षेत्र में एक तेज रफ्तार यात्री बस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दो गुमटियों और एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसके ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने, शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाही से वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत भविष्य में भी यातायात नियम तोड़ने वालों और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
