कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने जिलेभर में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे 39 वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं 36 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी मामलों में नियमानुसार आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया की जाएगी।
वाहन चालकों की जांच के लिए पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग किया, जिससे नशे में वाहन चला रहे लोगों की पहचान की गई। इसके अलावा आवश्यक मामलों में BNSS की धारा 106 के तहत भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी शामिल हैं। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता प्रभावित होती है, जिससे गंभीर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। वहीं बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान में भी बाधा बनता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं, वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट अवश्य लगाएं और सभी यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
