कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा साइबर पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल चार एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल (CSAM) से जुड़ी शिकायतों पर तीन और साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए म्यूल बैंक अकाउंट के मामले में एक एफआईआर शामिल है।
पुलिस के अनुसार गृह मंत्रालय की साइबर टिपलाइन से मिली शिकायतों के आधार पर तीन अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इन मामलों में डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और तकनीकी जांच जारी है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर मिली शिकायतों की जांच के दौरान एक ऐसा बैंक खाता सामने आया, जिसमें साइबर ठगी की रकम आने के सबूत मिले। जांच में पता चला कि इस खाते के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
प्राथमिक जांच में यह खाता म्यूल अकाउंट (साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए इस्तेमाल होने वाला बैंक खाता) के रूप में इस्तेमाल होना पाया गया। इसके बाद खाताधारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की घटना होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी के कहने या लालच में आकर अपना बैंक खाता न खुलवाएं और न ही किसी को उपयोग के लिए दें, क्योंकि ऐसे खाते साइबर अपराध में इस्तेमाल हो सकते हैं।
