फर्जी लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, कोरबा पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा पुलिस ने फर्जी लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह मामला चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर का है। पुलिस के अनुसार अभिवृद्धि फाइनेंशियल सर्विसेस, टीपी नगर कोरबा के माध्यम से लोगों को कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर आवेदकों से बैंक खातों में राशि जमा कराई जाती थी। पैसे लेने के बाद न तो लोन दिया जाता था और न ही रकम वापस की जाती थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच की। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रियंका कलसे (22 वर्ष), पिता राजेन्द्र कलसे, निवासी प्रताप नगर, नया पुल के पास, थाना दर्री, जिला कोरबा को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के बैंक खातों में हुए लेन-देन, ठगी की रकम के प्रवाह, डिजिटल उपकरणों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था द्वारा लोन दिलाने के नाम पर मांगी जा रही एडवांस फीस या शुल्क जमा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।

Share This Article