साइबर ठगी के शिकार 19 लोगों को कोरबा पुलिस ने लौटाए 1.55 लाख रुपए, साइबर अपराधियों पर कार्रवाई जारी….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 पीड़ितों को उनकी ठगी गई राशि वापस दिलाई है। साइबर पुलिस थाना कोरबा की कार्रवाई से कुल 1 लाख 55 हजार 440 रुपये पीड़ितों के बैंक खातों में वापस पहुंचाए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और साइबर नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त ऑनलाइन ठगी की शिकायतों पर साइबर पुलिस थाना कोरबा ने तत्काल कार्रवाई की। संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर ठगी की राशि को समय रहते होल्ड कराया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर MRM Portal के माध्यम से 19 शिकायतकर्ताओं को उनकी रकम वापस दिलाई गई।

साइबर पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिन प्रकरणों में ठगी की राशि अभी होल्ड है, उनमें आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के हर मामले में समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। शिकायत मिलने के बाद शुरुआती समय में कार्रवाई होने पर ठगी की रकम को सुरक्षित कर वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

कोरबा पुलिस की अपील

ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना देने से पुलिस को राशि होल्ड कराने और पीड़ित को वापस दिलाने की कार्रवाई में मदद मिलती है।

Share This Article