कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झाबर ने गांव को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सख्त कदम उठाया है। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत शराब और अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, खरीद और सार्वजनिक सेवन पर आर्थिक दंड का प्रावधान लागू किया गया है। इस निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम पंचायत ने दीपका पुलिस के साथ मिलकर अभियान शुरू कर दिया है।
ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार, गांव में शराब या अन्य नशीले पदार्थ बनाते अथवा बेचते पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, शराब या अन्य नशीले पदार्थ खरीदते या सार्वजनिक स्थान पर सेवन करते पाए जाने पर 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड देना होगा।

अभियान की निगरानी और नियमों के पालन के लिए महिला कमांडर समिति का गठन भी किया गया है। समिति पुलिस के साथ समन्वय बनाकर गांव में नियमित गश्त करेगी और अवैध गतिविधियों पर नजर रखेगी। समिति में नोनी बाई कंवर को अध्यक्ष, राधा बाई महंत को उपाध्यक्ष और शेषमति पटेल को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह निर्णय दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के निर्देश पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में लिया गया। बैठक में प्रशिक्षु उप-निरीक्षक निखिल देवांगन, आरक्षक अंकित पांडे और मुकेश यादव ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशामुक्त गांव बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
ग्राम सभा में सरपंच रामसिंह कंवर, पंचायत प्रतिनिधि, महिला शक्ति समूहों की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने गांव को नशे से मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त पहल को क्षेत्र में एक सकारात्मक और अनुकरणीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
