कोरबा में गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप: नर्मदा गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा, एक संदिग्ध हिरासत में

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के नर्मदा गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद रविवार को इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक स्थान पर गोवंश के अवशेष पड़े देखे। इनमें सिर, खाल और मांस के टुकड़े होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर बालको थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रारंभिक जांच के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।

घटना के मद्देनजर नर्मदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, ग्रामीणों और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article