कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार सर्वमंगला से राताखार की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस को मृतक की जेब से डीएसपीएम प्लांट का एक गेट पास मिला, जिस पर हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा (कोरबा) का नाम दर्ज है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद शव की औपचारिक पहचान और पंचनामा सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हादसे के कारण सर्वमंगला-राताखार मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई, जिसके बाद जाम खुल सका।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और सख्त निगरानी की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
