पुरानी रंजिश में कंप्यूटर दुकान में घुसकर तोड़फोड़: दो लैपटॉप तोड़े; जान से मारने की दी धमकी, दुकानदार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के बुधवारी बाजार स्थित एक कंप्यूटर दुकान में पुरानी रंजिश को लेकर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की, दो लैपटॉप क्षतिग्रस्त कर दिए, गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित अमन सोनी पिता मनोहर लाल, संचालक एम. जीनियस कम्प्यूटर सेंटर, राम जानकी मंदिर, बुधवारी बाजार, ने शिकायत में बताया कि बुधवारी बाजार निवासी कैलाश अग्रवाल उनकी दुकान में जबरन घुस आया। पुरानी रंजिश के चलते उसने दुकान के डेस्क का कांच तोड़ दिया और रिपेयरिंग के लिए आए दो लैपटॉप जमीन पर पटककर नुकसान पहुंचाया।

शिकायत के अनुसार घटना के दौरान आरोपी ने अश्लील गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट भी की। इस दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक भी भयभीत हो गए।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी के बेटे अक्षत अग्रवाल के खिलाफ चेक बाउंस का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि उसी प्रकरण को वापस लेने का दबाव बनाने के उद्देश्य से यह घटना को अंजाम दिया गया।

अमन सोनी का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने सीएसईबी चौकी में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन वहां उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article