कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: सोते समय बुजुर्ग महिला की बेरहमी हत्या, बेटे-बहू पर भी जानलेवा हमला; आरोपी हिरासत में….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हर्राडीह में शनिवार देर रात एक ही परिवार पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में 65 वर्षीय समारिन बाई धनवार की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे हेतराम धनवार (45 वर्ष) और बहू प्रमिला धनवार (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार रात करीब 11 बजे तीनों अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति घर में घुसा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में समारिन बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 व पाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

सड़क नहीं होने से बढ़ी मुश्किलें

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव की बुनियादी सुविधाओं की पोल भी खुल गई। ग्रामीणों का कहना है कि हर्राडीह गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। यही वजह रही कि शव और दोनों घायलों को करीब एक किलोमीटर तक खाट के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ा, जहां से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव तक जल्द पक्की सड़क निर्माण की मांग प्रशासन से दोहराई है।

Share This Article