कोरबा: तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को मिली आजीवन कारावास की सजा

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के मोरगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कुम्हारी पानी धजाक में बैल के बाड़ी में घुसने व घंटी चोरी कर चले जाने की बात पर उपजे विवाद में ग्रामीण की हत्या कर देने का जुर्म सिद्ध होने पर तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय ने दिया है।


जानकारी के अनुसार पुलिस ने हत्या के आरोप में एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। मामले में करीब डेढ़ साल तक चली सुनवाई के बाद तीन महिला सहित पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा का फैसला द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय ने दिया है। इस मामले में अतिरिक्त लोक अभियोजक राकेश जायसवाल ने बताया कि उक्त घटना 24 सितंबर की रात मोरगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कुम्हारी पानी धजाक में हुई थी। यहां रहने वाले एक ग्रामीण का बैल पड़ोसी की बाड़ी में घुस गया था। इस बैल के गले से किसी ने घंटी की चोरी कर ली। इसी बात को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गई। बताया जा रहा हैं की बाड़े का मालिक रात लगभग 8 बजे अपने अन्य परिजन के साथ ग्रामीण के घर जा घुसे। उन्होंने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो उस पर भी हमला कर दिया। घटना में ग्रामीण की मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस ने कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


उक्त मामले की सुनवाई द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में चल रही थी। सुनवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश किया गया, जिससे उनका दोष सिद्ध हो गया। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार सिंह के न्यायालय ने दोषियों को आजीवन कारावास व अर्थदंड से दंडित किया है।

Share This Article